
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जनपद के बीघापुर थाना क्षेत्र में मोबाइल लोकेशन के कारण रास्ता भटकने से एक कार नाले में लटक गई। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से कार को बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार बारा सगवर थाना क्षेत्र के भगवंतखेड़ा में एक निमंत्रण में शामिल होने जा रहे कार सवारों ने मोबाइल में लोकेशन डाली थी। लोकेशन के आधार पर वे आनंदी मंदिर के पास से एक कच्चे मार्ग पर मुड़ गए। लोकेशन में रास्ता कच्चा बताया जा रहा था, जिससे वे नाले के किनारे बने रास्ते पर आगे बढ़ते रहे।
कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि आगे केवल पैदल मार्ग है। गाड़ी वापस मोड़ते समय कार बीघापुर से रुझेई जाने वाले मार्ग पर शारदा नहर के पास बने नाले में लटक गई। राहगीरों की मदद से कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कार चालक संदीप कुमार और सुनील कुमार ने बताया कि सुबह हाइड्रा मशीन मंगवाकर कार को नाले से बाहर निकाला गया। यह मार्ग बीघापुर से रुझेई तक कच्चा है और नाले के किनारे बना हुआ है।



