
हकीम अजमल खान अवार्ड से नवाजे गए चिकित्सक,
सुरूर हसन राज,
लखनऊ। आयुष डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन ADWA द्वारा महान यूनानी विद्वान और समाज सुधारक मसीहुल मुल्क हकीम अजमल खान के जन्म दिवस को ‘वर्ल्ड यूनानी डे’ के रूप में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन ने यूनानी चिकित्सा पद्धति में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की।
हर साल 11 फरवरी को विश्व यूनानी दिवस मनाया जाता है। यह दिन हकीम अजमल खान की याद में समर्पित है, जिनका जन्म 11 फरवरी 1868 को दिल्ली में हुआ था। वह न केवल एक महान चिकित्सक थे, बल्कि एक स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षाविद भी थे। उन्होंने यूनानी चिकित्सा पद्धति को आधुनिक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जामिया मिलिया इस्लामिया के साथ-साथ आयुर्वेदिक एवं यूनानी तिब्बिया कॉलेज की स्थापना में अहम योगदान दिया।
ADWA के जनरल सेक्रेटरी डॉ. एम. एच. उस्मानी ने जानकारी दी कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी एसोसिएशन ने तीन प्रमुख यूनानी चिकित्सकों— डॉ. इस्लामुल हक, डॉ. अकमल खान और डॉ. एजाज अली को उनके क्लिनिक पर जाकर ‘हकीम अजमल खान सम्मान’ से नवाजा।
इस सम्मान समारोह के दौरान ADWA की अध्यक्षा श्रीमती डॉ. यासमीन हाशमी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से चिकित्सकों का मनोबल बढ़ता है और समाज में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति विश्वास सुदृढ़ होता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से निम्नलिखित सदस्य उपस्थित रहे, डॉ. एम. एच. उस्मानी जनरल सेक्रेटरी, डॉ. शोएब खाँ, डॉ. रिज़वान अंसारी, डॉ. मो. अली, डॉ. धीरज शुक्ला, डॉ. मोहम्मद सिद्दीक, डॉ. सैफ, डॉ. मोहम्मद उजैर, डॉ. रवि श्रीवास्तव और डॉ. उजैर अहमद सिद्दीकी, और क्षेत्र के सम्मानित लोग भी मौजूद रहे।






