
लखनऊ/नई दिल्ली।
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत द्वारा राष्ट्रीय महासचिव सर्वेश पाठक के नेतृत्व में आगामी 15 जुलाई को उनके जन्मदिवस के अवसर पर संपूर्ण भारत में आयोजित होने वाले विशाल स्वैच्छिक रक्तदान अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु संचालित वृक्षारोपण संकल्प अभियान के लिए प्रेषित शुभकामनाओं एवं प्रेरणादायी संदेश का संगठन परिवार द्वारा हर्षपूर्वक स्वागत किया गया है।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अपने संदेश में रक्तदान को मानवता, करुणा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का सर्वोच्च उदाहरण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस जीवनदायी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए सर्वेश पाठक द्वारा प्रतिदिन एक वृक्ष लगाने के संकल्प की सराहना की।
इस अवसर पर माननीय महासचिव सर्वेश पाठक ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रेरक संदेश देशभर के कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं स्वयंसेवकों के लिए ऊर्जा, प्रेरणा एवं मार्गदर्शन का स्रोत है। उन्होंने कहा कि रक्तदान और वृक्षारोपण दोनों ही ऐसे जनकल्याणकारी अभियान हैं, जो मानव जीवन, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण से सीधे जुड़े हुए हैं।
पाठक ने कहा कि 15 जुलाई को आयोजित होने वाला राष्ट्रव्यापी रक्तदान शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने के संकल्प को सशक्त करेगा, जबकि वृक्षारोपण अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत की शुभकामनाओं एवं संरक्षण से संगठन के कार्यकर्ताओं में नवीन उत्साह, आत्मविश्वास एवं सेवा भावना का संचार हुआ है। उनके प्रेरणादायी संदेश ने देशभर में चल रहे रक्तदान एवं वृक्षारोपण अभियानों को और अधिक गति प्रदान करने का कार्य किया है।
संगठन परिवार ने महामहिम राज्यपाल महोदय के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से यह जनसेवा अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ अभूतपूर्व सफलता प्राप्त करेगा।


