
लखनऊ।संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रानू सिंह ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश में बढ़ती विद्युत समस्याओं के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने आम जनता, मध्यमवर्गीय परिवारों एवं व्यापारी वर्ग को प्रभावित कर रही बिजली संबंधी गंभीर समस्याओं से उपमुख्यमंत्री जी को अवगत कराया।
रानू सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में लगातार बढ़ रही बिजली दरों ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों की आर्थिक चुनौतियों को और अधिक बढ़ा दिया है। बढ़ती महंगाई के बीच विद्युत शुल्क में हो रही वृद्धि से छोटे व्यापारियों, लघु उद्यमियों तथा मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ रहा है। इससे व्यापारिक गतिविधियाँ भी प्रतिकूल रूप से प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने प्रदेश में हो रही लगातार एवं अघोषित विद्युत कटौती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के इस दौर में जब लोगों को बिजली की सर्वाधिक आवश्यकता है, तब कई-कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों, छोटे उद्योगों तथा सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी उत्पादकता एवं आय प्रभावित हो रही है।
इस अवसर पर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता गुप्ता ने भी दूरभाष के माध्यम से उपमुख्यमंत्री से वार्ता कर प्रदेशवासियों एवं व्यापारी समुदाय की ओर से विद्युत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग रखी। उन्होंने बिजली दरों में राहत प्रदान करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक एवं प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया।
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने प्रदेश सरकार से अपेक्षा व्यक्त की है कि आम जनता एवं व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए विद्युत दरों की समीक्षा की जाए तथा अघोषित बिजली कटौती पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर प्रदेशवासियों को राहत प्रदान की जाए।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक स्तर पर विचार एवं कार्यवाही का आश्वासन प्रदान किया।


