
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जिले से सांप्रदायिक संवेदनशीलता और कथित धर्मांतरण की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सदर कोतवाली क्षेत्र के मसवासी गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक घर में चल रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यहाँ हिंदू परिवारों को प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था। इस हंगामे के बाद गांव में तनाव व्याप्त हो गया, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बजरंग दल का धावा: गुपचुप तरीके से चल रही थी गतिविधियां
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को गुप्त सूचना मिली थी कि मसवासी गांव के एक विशेष स्थान पर कुछ बाहरी लोग स्थानीय ग्रामीणों को एकत्र कर उन्हें धर्म विशेष के प्रति प्रभावित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने दावा किया कि गांव में लंबे समय से भोली-भाली जनता को बहला-फुसलाकर और आर्थिक मदद का लालच देकर धर्मांतरण का खेल गुपचुप तरीके से खेला जा रहा था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।
मौके पर पहुंची पुलिस, 3 लोग हिरासत में
हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को बिगड़ने से बचाया और उत्तेजित कार्यकर्ताओं को शांत कराया। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल से दो से तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।
हिरासत में लिए गए लोगों से कोतवाली में कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे लोग गांव में किस उद्देश्य से आए थे, उनका स्थानीय संपर्क किससे है और क्या वास्तव में वहां धर्मांतरण जैसी कोई गतिविधि संचालित हो रही थी। एहतियात के तौर पर गांव के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।



