संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।
उन्नाव के कोतवाली सदर क्षेत्र में सोशल मीडिया से जुड़ा एक मामला अब कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द से जुड़ा गंभीर विषय बन गया है। सड़कों पर डांसिंग वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाली नाज़ खान के खिलाफ किन्नर समाज की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है।
शास्त्री नगर, बीघापुर निवासी लकी किन्नर ने थाना कोतवाली सदर में दी गई नामजद तहरीर में आरोप लगाया है कि नाज़ खान ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर किन्नर समाज के लिए आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए वीडियो पोस्ट किया, जिसमें कथित तौर पर “छक्का” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
पहले माफी, फिर दोबारा विवाद
शिकायत के मुताबिक यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिससे किन्नर समाज की भावनाएं आहत हुईं।
इस मामले की पहली शिकायत 11 दिसंबर को थाने में की गई थी। उस समय आरोपी युवती ने भविष्य में ऐसी गलती न करने की बात कहते हुए माफी मांगी, जिसके बाद सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से किन्नर समाज ने मामला वहीं समाप्त कर दिया था।
थाने से लौटने के बाद धमकियों का आरोप
लकी किन्नर का आरोप है कि थाने से लौटने के बाद नाज़ खान ने दोबारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकियां दीं।
पीड़िता के अनुसार, जब वे अपने समाज के लोगों के साथ आरोपी के घर गईं, तो वहां भी कथित तौर पर धमकी भरा और उग्र व्यवहार किया गया।
अनहोनी की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
लकी किन्नर ने पुलिस को बताया है कि उन्हें और उनके समाज के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त कर ली गई है और सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो तथा अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में चर्चा का विषय बना मामला
फिलहाल यह पूरा मामला उन्नाव में चर्चा का विषय बना हुआ है। किन्नर समाज में घटना को लेकर रोष का माहौल है और लोग सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा व धमकियों को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि सोशल मीडिया पर दी गई धमकियों और आपत्तिजनक भाषा के मामले में कानून कितना सख्त रुख अपनाता है


