
वाराणसी।।चोलापुर थाना अंतर्गत दानगंज चौकी क्षेत्र के कैथोर गांव के समीप एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने डाला डेरा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मौके पर JCP कमिश्नर राजेश सिंह, वरुणा जोन एडीसीपी जिन्हें लेडी सिंघम ‘ के नाम से जाना जाता है) और एसीपी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने तत्काल पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
स्थानीय पुलिस की लापरवाही उजागर?
इस घटना ने चोलापुर थाना प्रभारी दीपक कुमार के सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि दानगंज चौकी की पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लगी।
गश्त पर सवाल : जिस क्षेत्र में पुलिस पिकेट और दीवान की तैनाती रहती है, वहां अपराधी हत्या कर शव फेंक गए और स्थानीय पुलिस सोती रही।
ग्रामीणों ने दी सूचना हैरानी की बात यह है कि पुलिस को इस वारदात की जानकारी खुद नहीं हुई, बल्कि ग्रामीणों की सूचना के बाद महकमा हरकत में आया।
जल्द होगा खुलासा एडीसीपी
मौके पर पहुंची एडीसीपी वरुणा जोन ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि “पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गई हैं। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। मामले का खुलासा प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।”
फिलहाल पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और शिनाख्त की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है, हालांकि स्थिति अभी शांतिपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस सक्रिय होती, तो शायद ऐसी जघन्य वारदात को रोका जा सकता था।


