
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। जनपद के गंगाघाट क्षेत्र में सदर विधायक पंकज गुप्ता के सुपुत्र प्रखर गुप्ता ने पर्यटन विभाग के अंतर्गत बन रहे निर्माणाधीन आरती स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित होने के कारण कार्य में कुछ देरी हुई, लेकिन निर्माण विभागीय मानकों और गाइडलाइन के अनुसार कराया जा रहा है।
प्रखर गुप्ता ने कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों और निर्माण गुणवत्ता पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि आरती स्थल तैयार होने के बाद इसे स्थानीय लोगों को समर्पित किया जाएगा, जिससे गंगाघाट क्षेत्र में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। आरती स्थल को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह और खुशी का माहौल है।


