
कानपुर।।कानपुर कमिश्नरेट पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देशनुसार काकादेव थाना पुलिस द्वारा लगातार परिवार परामर्श केंद्र की पहल पर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद सुलझा कर दोनों पक्षों की काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी पुराने विवाद भुलाकर दोबारा साथ रहने को राजी हो गए।
जानकारी के अनुसार पाण्डु नगर निवासी आदित्य कुमार ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत करते हुए बताया कि उनकी पत्नी नाम( काल्पनिक)आए दिन पारिवारिक विवाद को लेकर झगड़ा करती हैं, मारपीट करती हैं तथा नाराज होकर मायके चली जाती हैं। आरोप था कि पत्नी पति समेत परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दे रही थीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को थाना काकादेव में बुलाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार राम एवं अतिरिक्त निरीक्षक उदयवीर सिंह के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवकरन वर्मा, महिला उपनिरीक्षक अनीता सिंह, महिला आरक्षी वर्षा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से शगुन खट्टर, नित्य चावला तथा काउंसलर ममता भाटिया द्वारा दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई।काउंसलिंग के दौरान शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच काफी विवाद की स्थिति रही, लेकिन कमेटी की सूझबूझ और समझाइश के बाद पति-पत्नी अपने पुराने मतभेद भूलकर पुनः साथ रहने के लिए तैयार हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि मामला मुकदमेबाजी तक पहुंचता तो दोनों परिवारों को वर्षों तक न्यायालय के चक्कर लगाने पड़ सकते थे।
करीब तीन वर्ष पूर्व विवाह बंधन में बंधे दंपती ने थाने में समझौते के बाद खुशी-खुशी साथ रहने का निर्णय लिया और ससुराल के लिए रवाना हो गए। परिवार परामर्श केंद्र काकादेव द्वारा कराया गया यह पति-पत्नी विवाद का 31वां सफल समझौता बताया गया है।


