
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला और कहा कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में गुंडों, माफियाओं और अपराधियों को खुलेआम संरक्षण मिलता था। महिलाओं की सुरक्षा भी अधूरी रही। यह टिप्पणी उन्होंने जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह के नवाबगंज आवास पर उनकी दिवंगत माता कांती देवी को श्रद्धांजलि देने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान की।
बिहार चुनाव पर बड़ा दावा
ब्रजेश पाठक ने हाल ही में बिहार की जनसभाओं का हवाला देते हुए कहा कि NDA की एकतरफा सरकार बनने की संभावना मजबूत हो गई है। उन्होंने बताया कि वे बेगूसराय के दो विधानसभा क्षेत्रों में हुई बड़ी जनसभाओं में शामिल हुए।
उनका कहना है,
“इन दोनों जनसभाओं के माध्यम से मैं स्पष्ट रूप से कह सकता हूं कि बिहार में NDA की सरकार बन रही है। कांग्रेस और RJD के गठबंधन को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है।”
पाठक ने यह भी जोर देकर कहा कि जनता विकास और स्थिर शासन के लिए मतदान कर रही है, और यही चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगा।


