
फतेहपुर।। जिले के थरियांव क्षेत्र की सीतापुर साधन सहकारी समिति लिमिटेड में खाद की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। समिति अध्यक्ष ने सचिव पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
अध्यक्ष का आरोप है कि समिति सचिव किसानों के लिए आई खाद को चोरी-छिपे खुले बाजार में बेच रहे हैं। यह बिक्री बिना किसी को सूचित किए की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, तीन दिन पहले आई खाद की खेप में से बीते गुरुवार की शाम को एक पूरी ट्रॉली खाद की कालाबाजारी कर दी गई। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
यह पहली बार नहीं है जब ऐसा मामला सामने आया है। सितंबर माह में भी लगभग 400 बोरियां खाद की कालाबाजारी की गई थी, जिसकी जानकारी किसानों को नहीं मिल पाई थी।
समिति अध्यक्ष ने कहा, “हम किसानों के हित के लिए समिति चला रहे हैं, लेकिन सचिव किसानों की मेहनत की कमाई पर डाका डाल रहे हैं।”
किसानों और ग्रामीणों के बीच अब यह सवाल उठने लगे हैं कि इस कालाबाजारी गिरोह का सरगना कौन है और खाद की बोरियां आखिर कहां बेची जा रही हैं। वे जिला प्रशासन से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
थरियांव समिति में इस समय तनाव का माहौल है, और ग्रामीण इस “लाखों के खेल” की गहन जांच की मांग कर रहे हैं। इस मामले में सहकारी समिति के अध्यक्ष का कहना है कि पूरे मामले से उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत भेज कर अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भी अगर कार्यवाही नहीं की जाती तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे जिसका एक वीडियो भी उन्होंने सोशल मीडिया में वायरल किया है। उन्होंने बताया कि इसके पूर्व 400 बोरी खाद की कालाबाजारी किए जाने की शिकायत उनके द्वारा की गई थी जिसकी अभी भी जांच जारी है।


