
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।।जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने गुरुवार को जिला कारागार उन्नाव का निरीक्षण कर जेल परिसर की सुरक्षा, स्वच्छता एवं महिला बंदियों की स्थिति की गहन समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, जेल अधीक्षक पंकज सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सफीपुर सोनम सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विशेष रूप से महिला बंदियों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा रहन-सहन की स्थिति के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के अंतर्गत मिशन शक्ति अभियान की भावना को ध्यान में रखते हुए महिला सशक्तिकरण और संवेदनशीलता पर जोर दिया गया।
इस दौरान महिला बंदियों के साथ उनके छोटे बच्चों के लिए पोषाहार का वितरण भी किया गया, जिससे जेल में रहने वाली महिलाओं और उनके बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि महिला बंदियों के कल्याण हेतु सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएं और उनके पुनर्वास की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जेल में रहने वाली महिलाओं व उनके बच्चों के कुल कल्याण को प्राथमिकता देना रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की यह पहल समाज में संवेदनशील प्रशासन और न्यायपूर्ण व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


