
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। मडियांव पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, 03 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन चुराकर उसके बैंक खाते से लगभग एक लाख रुपये कैश निकाल लिए थे।
शिकायतकर्ता श्री रामजीवन यादव का सैमसंग मोबाइल 01 अक्टूबर को चोरी हो गया था। चोरों ने मोबाइल का इस्तेमाल करके UPI (डिजिटल पेमेंट सिस्टम) के माध्यम से उनके दो खातों से कुल 1,14,768 रुपये अलग-अलग जनसेवा केंद्रों पर ट्रांसफर करके कैश निकाल लिए। इस मामले में थाना मडियांव में FIR दर्ज की गई थी।
पुलिस को 03 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर सतीश रावत, हर्षित कश्यप और सचेन्द्र सिंह उर्फ छोटू को भिठौली ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने नकद 15,300 रुपये और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने यह पैसा खाने-पीने और निजी खर्चों में बाँट लिया था। तीनों अभियुक्तों को कानूनी कार्रवाई पूरी कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।


