
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ कमिश्नरेट के थाना ठाकुरगंज पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 03.10.2025 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मोहल्ला हरीनगर में की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोनू सिंह (उम्र करीब 31 वर्ष), निवासी ग्राम व पोस्ट बहोती कला, जनपद हरदोई के रूप में हुई है।
अभियुक्त मोनू सिंह के कब्जे से 01 अदद अवैध देशी तमंचा 315 बोर बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने विभिन्न ब्रांडों की 24 खाली बोतलें, 03 खाली अद्धे, 01 खाली पउवा, 77 क्यूआर कोड, एक हिसाब रजिस्टर और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। यह बरामद सामग्री अवैध शराब बनाने और उसकी बिक्री से संबंधित गतिविधियों की ओर इशारा करती है।
मोनू सिंह के विरुद्ध थाना ठाकुरगंज में मु0अ0सं0-0598/2025 के तहत धारा 318(4)/336(3)/338/340(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) व 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।


