
जोन-पश्चिमी में ‘मिशन शक्ति’ की गूंज,
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का नेतृत्व पुलिस आयुक्त श्री अमरेंद्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार कर रहे हैं। इस मिशन के तहत पुलिस टीमें स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं और लड़कियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक कर रही हैं।
अभियान के दौरान पुलिस टीमें महिलाओं को कई महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दे रही हैं, जिनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन), और 181 (वन स्टॉप सेंटर) शामिल हैं। इसके अलावा, छात्राओं को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ जैसे संवेदनशील विषयों पर भी शिक्षित किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समानता को बढ़ावा देना है।
इसी कड़ी में, जोन-पश्चिमी के तहत आने वाले थाना कैसरबाग प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने नारी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में महिला बीट आरक्षी जूही गुप्ता, कोमल, मंजू वर्मा, शिल्पी देवी, और कविता की टीम ने छात्राओं और शिक्षकों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्हें यूपी पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई सेवाओं और यूपी कॉप ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। टीम ने महिलाओं को आत्मरक्षा के तरीकों और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के बारे में भी जागरूक किया।


