
अमेठी। नगर पालिका परिषद जायस में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था की लाइव मॉनिटरिंग की गई। सुबह आठ बजे वार्ड नंबर 19 गोरियाना पश्चिमी से अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अर्पित गुप्ता ने स्वयं मौके पर पहुंचकर साफ-सफाई की स्थिति और कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड सभासदों व स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी राय जानी और साफ-सफाई को लेकर मिले सुझावों को संज्ञान में लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर के हर घर से समय पर कूड़ा एकत्र किया जाए और निर्धारित वाहनों में ही इसका निस्तारण हो। किसी भी परिस्थिति में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीएम ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करके ही कूड़ा वाहन में डालें, ताकि नगर की सफाई व्यवस्था और बेहतर की जा सके तथा जायस को स्वच्छ नगर के रूप में स्थापित किया जा सके।
इस मौके पर वार्ड प्रतिनिधि मो. बिलाल, आसिफ इकबाल अहमद, अधिशासी अधिकारी शैलेन्द्र कुमार मिश्र, अभियंता सूर्यमणि सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वच्छ भारत मिशन–शहरी) अमित पांडेय तथा नगर पालिका परिषद जायस के कई कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।