
लखनऊ।।कासगंज के चंदन गुप्ता हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा के तहत लखनऊ जेल में बंद सलीम की बुधवार को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। जिला कारागार, लखनऊ प्रशासन ने इसकी सूचना दी है। चंदन हत्याकांड के मुख्य आरोपी सलीम की मौत के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
कासगंज शहर में 26 जनवरी 2018 को तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हिंसा और पथराव के बाद चंदन गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। इस मामले के सलीम जिला कारागार, लखनऊ गोसाईगंज में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। सलीम का एक महीने से लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल के बाद केजीएमयू में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान केजीएमयू में उसकी मौत हो गई।
सलीम का किडनी रोग का इलाज चल रहा था। कासगंज निवासी सलीम पुत्र बरकतउल्ला, उम्र 48 वर्ष चंदन हत्याकांड के साथ ही कई अन्य मामलों में भी नामजद था। विभिन्न धाराओं में अभियुक्त के रूप में निरुद्ध सलीम की तबीयत खराब होने पर उसे जेल के चिकित्सक ने 30 जुलाई को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बलरामपुर लखनऊ भेजा था।
जहां से 16 अगस्त को उसे किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ रेफर किया गया था। वहां पर उसको भर्ती कराया गया और इलाज चल रहा था। चिकित्सकों के आवश्यक उपचार प्रदान करने के बावजूद सलीम की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। 26 अगस्त की रात को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृत्यु की सूचना जेल प्रशासन ने तत्काल संबंधित अधिकारियों और सलीम के परिवारीजन को दे दी।


