
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।थाना गंगाघाट पुलिस ने धोखाधड़ी व जालसाजी के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।मामला 27 जुलाई 2023 का है, जब वादिनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षीगणों ने उसके मरहूम पति के नाम पंजीकृत आजाद फुटवियर कम्पनी के ट्रेडमार्क को धोखाधड़ी से अपने नाम करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी उसके घर में घुस आए और मारपीट, अश्लील हरकत करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना गंगाघाट में मुकदमा संख्या 436/2023 धारा 420, 452, 354, 323, 504, 427 भादवि के तहत दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आरोपियों पर गंभीर धाराएं 467, 468, 471 भादवि भी बढ़ा दी गईं। आज बुधवार को निरीक्षक फूल सिंह ने हमराह पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित आरोपी मोहम्मद ताहा पुत्र मोहम्मद आजाद (निवासी बेगमपुरवा/बाबूपुरवा, कानपुर नगर) को बालूघाट से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।



