
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान ने आज गौरीगंज ब्लॉक के शहबाजपुर स्थित आंगनबाड़ी पोषाहार उत्पादन इकाई का स्थलीय निरीक्षण किया। यह इकाई उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित जागृति माइक्रो इंटरप्राइजेज के माध्यम से संचालित है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला से प्रतिदिन के पोषाहार उत्पादन की जानकारी ली और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि निर्मित पोषाहार नियमित रूप से सभी आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाया जाए।

डीएम ने इकाई में साफ-सफाई, गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर विशेष सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोषाहार निर्माण की पूरी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और यदि कोई गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद समूह की महिलाओं से भुगतान, कच्चे माल की उपलब्धता और वितरण प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने इकाई परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस दौरान डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


