
अमेठी। कांग्रेस पार्टी ने अमेठी जिले में संगठन को सक्रिय बनाने और विस्तार देने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। घोषित सूची के अनुसार अनिल सिंह को जिला प्रवक्ता और मोहम्मद आसिफ को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा संगठनात्मक जिम्मेदारियों के तहत 13 उपाध्यक्ष, 12 महासचिव और 41 सचिवों को नियुक्त किया गया है। यह पूरी कार्यकारिणी वरिष्ठता और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।
कांग्रेस पदाधिकारियों का मानना है कि नई कार्यकारिणी से जिले में पार्टी को नई ऊर्जा और स्थायित्व मिलेगा, जबकि कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि असली चुनौती नियुक्तियों से ज़्यादा, ज़मीनी स्तर पर सक्रियता और जनसंपर्क को मजबूत करने की होगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर कार्य योजना बनाई जाएगी, जिससे संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त किया जा सके।
फिलहाल स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में नियुक्तियों को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखी जा रही है। कुछ जगह प्रसन्नता है तो कुछ स्थानों पर असंतोष की भी चर्चाएं हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व इसे संगठनात्मक प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा मान रहा है।


