
जामों (अमेठी)। जिले में शासन के निर्देश पर आयोजित थाना समाधान दिवस के अंतर्गत आज माह के चतुर्थ शनिवार को सभी थानों में जन समस्याओं की सुनवाई की गई। जामों थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री संजय चौहान व पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक ने स्वयं उपस्थित होकर आम जनता की शिकायतें सुनीं और तत्काल गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद राजस्व निरीक्षकों व लेखपालों से उनके क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली और स्पष्ट शब्दों में कहा कि भूमि विवाद, नाली-चकमार्ग व तालाबों पर अतिक्रमण, सरकारी ज़मीनों पर कब्जा जैसी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण अनिवार्य है। उन्होंने निर्देशित किया कि यदि कहीं पुलिस बल की आवश्यकता हो, तो संबंधित थाने से समन्वय कर टीम के साथ मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में शिकायत लंबित पाई गई तो लेखपाल व कानूनगो के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें और टालने या अनदेखा करने की प्रवृत्ति पर तत्काल अंकुश लगाया जाए।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष जामों श्री वी.के. सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।


