
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।शुक्रवार को उन्नाव के ARTO कार्यालय के बाहर दो वाहन प्रशिक्षण संस्थानों के संचालकों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। इस घटना से न सिर्फ कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई बल्कि देखते ही देखते मामला हाथापाई और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बता दे कि मिली जानकारी के अनुसार, उन्नाव में पहले से ही वाहन ट्रेनिंग सेंटर का संचालन कर रहे विनीत द्विवेदी और कानपुर से आए प्रदीप द्विवेदी के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि प्रदीप द्विवेदी कानपुर से आकर उन्नाव में ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान विनीत द्विवेदी और उनके सहयोगियों ने प्रदीप द्विवेदी और उनके साथ आए लोगों से मारपीट की और उनकी दो कारों में तोड़फोड़ कर दी। मारपीट के चलते कार्यालय के बाहर मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली सदर पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर कोतवाली बुला लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा पूछताछ जारी है। कोतवाली सदर प्रभारी अवनीश सिंह ने बताया कि, “दोनों पक्षों के बीच ट्रेनिंग सेंटर के संचालन को लेकर विवाद हुआ है। फिलहाल दोनों पार्टियों के बयान लिए जा रहे हैं। वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



