
अमेठी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन जिला मुख्यालय गौरीगंज समेत पूरे संसदीय क्षेत्र में पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। गौरीगंज स्थित केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा केक काटकर उनके दीर्घायु की कामना की गई। वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे को केक खिलाकर इस मौके को यादगार बनाया।

स्थानीय मिश्रौली गांव में दलित परिवारों की महिलाओं, बच्चियों और बच्चों के साथ खास आयोजन हुआ। यहां केक काटकर राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर ईशानी सरोज ने कहा, “हम लोग आज तक केवल अपना जन्मदिन मनाते थे, पहली बार राहुल गांधी जी के जन्मदिन पर केक काटने का मौका मिला। यह अमेठी कांग्रेस का ऐतिहासिक और अविस्मरणीय पल हमेशा याद रहेगा।”
सैकड़ों की संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में शामिल रहीं। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

इसी क्रम में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) उत्तर प्रदेश पूर्वी के आवाहन पर अमेठी जनपद में छात्र संगठन द्वारा खास पहल की गई। 19 जून 2025 को राहुल गांधी जी के जन्मदिन पर यह संकल्प लिया गया कि अब प्रत्येक माह की 19 तारीख को जिले के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
जिला अध्यक्ष सुमित तिवारी ने बताया कि “हम अपने नेता राहुल गांधी जी के जन्मदिन को जनसेवा से जोड़ते हुए हर माह स्वच्छता अभियान चलाएंगे।”
अमेठी संसदीय क्षेत्र के सभी ब्लॉकों में भी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया गया। इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ कांग्रेस जनों के साथ-साथ महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, और कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
जिले भर में राहुल गांधी के जन्मदिन को लेकर खास उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।



