
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।।11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु योग सप्ताह के अन्तर्गत आयुष विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा योग जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया, जिसका समापन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय, दरोगा बाग में हुआ।

इस मौके पर डीएम ने कहा कि योग का हमारे जीवन में काफी महत्व है। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है, बल्कि मानसिक और भावनात्मक कल्याण के लिए भी महत्वपूर्ण है। नियमित योगाभ्यास करने से तनाव, चिन्ता और अवसाद को कम करने में मदद मिलती है, साथ ही यह एकाग्रता, लचीलापन और शक्ति को भी बढ़ाता है। छात्रों के लिए योग विशेष रूप से फायदेमंद है क्योकि यह उन्हे तनाव से निपटने, एकाग्रता में सुधार करने और बेहतर नीद लेने में मदद करता है। योग छात्रों को अनुशासित रहना और अपने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के बारे में अधिक जागरूक रहना भी सिखाता है।
उन्होने समस्त जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि योगा को अपनी जीवन शैली का हिस्सा बनाये तथा आगामी 21 जून ’’अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस’’ के जरूर प्रतिभागी बने।

रैली में नगर मजिस्ट्रेट राजीव राज, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, डा0 कप्तान सिंह, आयुष चिकित्साधिकारी गण, योग प्रशिक्षक एवं योग सहायक, विभागीय कर्मचारी तथा मा0 शक्ति आयुर्वेदिक कालेज, सनराईज कालेज फार्मेसी एण्ड नर्सिंग, ऋषिकुल योग पीठ, पतन्जलि युवा भारत के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया।



