
गौरीगंज, अमेठी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में चल रहे योग सप्ताह के अंतर्गत पंचम दिवस पर इंदिरा गांधी कॉलेज एवं नर्सिंग इंस्टीट्यूट, अमेठी में विशेष योग शिविर का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कौहार (योग वैलनेस सेंटर), अमेठी के तत्वावधान में आयोजित किया गया।

इस शिविर का संचालन उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसायटी के निदेशक हरिकेश चौरसिया के दिशा-निर्देश एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अब्दुल बारी, नोडल अधिकारी डॉ. अनुपम श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक माधवेंद्र प्रताप सिंह तथा फार्मासिस्ट इंचार्ज शैलेंद्र मौर्य के मार्गदर्शन में किया गया।
योग प्रशिक्षक राजेश कुमार दुबे द्वारा छात्रों को ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, वृक्षासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन जैसे महत्वपूर्ण योगासन सिखाए गए। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी जैसे प्राणायामों का भी अभ्यास कराया गया, जिससे छात्रों को तन और मन की एकाग्रता का अनुभव हुआ।

कार्यक्रम की विशेष बात ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ थीम रही, जिसके अंतर्गत छात्रों को ध्यान, संतुलित आहार, दिनचर्या, घरेलू उपचार, नेचुरोपैथी व एक्यूप्रेशर से जुड़ी उपयोगी जानकारियाँ दी गईं।
इंस्टीट्यूट के प्राचार्य रमेश ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, “योग मात्र शारीरिक कसरत नहीं, यह मानसिक, आत्मिक और सामाजिक स्वास्थ्य का आधार है। इससे युवा पीढ़ी न केवल स्वस्थ बल्कि आत्मनिर्भर और अनुशासित बनती है।”
इस मौके पर वाइस प्रिंसिपल गोमती सहित सभी शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर योग के महत्व को समझा और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षक राजेश कुमार दुबे के सेवाभाव और समर्पण की प्रशंसा करते हुए आयोजकों ने कहा कि “अमेठी जैसे अर्ध-ग्रामीण क्षेत्र में उनका प्रयास स्वास्थ्य जागरूकता की एक सशक्त नींव रख रहा है।”
कार्यक्रम ने न सिर्फ छात्रों को योगाभ्यास सिखाया बल्कि उन्हें एक स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर अग्रसर करने की प्रेरणा भी दी।



