
लखनऊ, 12 जून 2024। पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने प्रदेश में गर्मी को देखते हुए विद्युत आपूर्ति की समीक्षा की और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश में तापमान अत्यधिक है, जिससे बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। मांग 31487 मेगावाट तक जा चुकी है, जिसे पावर कारपोरेशन पूरा कर रहा है।
अध्यक्ष ने कहा कि गर्मी को देखते हुए बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहे, इसके लिए सभी अधिकारी सजग रहें। किसी भी स्थिति में विवाद की नौबत न आए। अधिकारी और कर्मचारी उपभोक्ताओं के फोन रिसीव करें। बिजली बाधित होने पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत समाधान कराएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि 1912 पर आने वाली शिकायतों का तत्काल समाधान हो। बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया जाए। गर्मी के मौसम में सामान्य शटडाउन न लिया जाए और अनावश्यक कटौती न हो। ट्रांसफार्मर खराब होने, तार गिरने या ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का बिना देर किए निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि ट्रांसमिशन और वितरण विभाग आपस में सामंजस्य बनाकर कार्य करें ताकि आपूर्ति में बाधा न आए। अधिकारी अपने क्षेत्र में मौजूद रहें और उपभोक्ताओं, जनप्रतिनिधियों, मीडिया व सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क बनाए रखें। इसके लिए संबंधित समूह बनाए जाएं ताकि जानकारी सभी को समय से मिल सके।
अध्यक्ष ने कहा कि विद्युत विभाग में कार्य कर रहे अधिकारी व कर्मचारी पूरी लगन और ईमानदारी से कार्य करें। वितरण से जुड़े अधिकारी विद्युत आपूर्ति और राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि अधिक विद्युत व्यवधान वाले क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारी स्वयं जाकर समस्या समझें और उसका निराकरण कराएं। साथ ही संचार माध्यमों से उपभोक्ताओं को सूचना दें। उपभोक्ताओं को यह जानकारी होनी चाहिए कि कब और क्यों बिजली बाधित हुई।
समीक्षा बैठक में प्रदेश के सभी वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक शामिल रहे। अध्यक्ष ने कहा कि सभी वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में जाकर व्यवस्थाएं देखें। उन्होंने लेसा के अंतर्गत आने वाले चारों मुख्य अभियंताओं से भी जानकारी ली और कहा कि प्रियदर्शनी नगर, एकता नगर, गोल्फ सिटी, नादरगंज, निगोहा, फैजुल्लागंज, गोमती नगर और इंदिरा नगर में लगातार बिजली की समस्या की सूचना मिल रही है। इन क्षेत्रों में अधिकारी स्वयं जाएं और समस्या का समाधान करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जहां ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहे हैं, वहां बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। निदेशक वितरण विद्युत आपूर्ति की नियमित समीक्षा करें।
इस बैठक में प्रबंध निदेशक पंकज कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



