
अमेठी: जिला कांग्रेस कमेटी अमेठी के तत्वावधान में विधानसभा स्तरीय संविधान बचाओ अभियान कार्यक्रम का आयोजन गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के मंगलम महिला महाविद्यालय, मुसाफिरखाना में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी ने की, जबकि संयोजक की भूमिका महाविद्यालय प्रबंधक भोला नाथ तिवारी ने निभाई।
मुख्य अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार लगातार संविधान और लोकतंत्र पर हमले कर रही है। सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने का प्रयास हो रहा है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मोदी सरकार के समक्ष चट्टान की तरह डटे हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश में नफरत फैलाने की कोशिशें की जा रही हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि धूमिल हो रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी ने कहा कि आज जब देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है, तब संविधान की रक्षा करना और अधिक आवश्यक हो गया है। उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर के संदेश—शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो—को याद करते हुए युवाओं से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी भय के समाज के हर वर्ग की आवाज बनकर संघर्ष कर रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी फरहान वारसी ने कहा कि यह गर्व की बात है कि राहुल गांधी आज देश की वास्तविक आवाज बन चुके हैं। उन्होंने “जय संविधान” और “जय भीम” के नारों के साथ कार्यकर्ताओं में जोश भरा और कहा कि सभी को एकजुट होकर इस संघर्ष में सहयोग करना होगा।
इस मौके पर अशोक तिवारी, राम लखन शुक्ल, बैजनाथ, गीता सिंह, महेंद्र तिवारी, अनुपम पाण्डेय और शत्रुघ्न सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं और वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सदाशिव यादव, राम मनोहर पासी, मनोज कश्यप, पूर्व प्रमुख रामबरन मौर्य, राम सुख चौरसिया, अकील हैदर, राम दत्त यादव, रोशनलाल, जहीर अहमद, रामलोचन, राजेंद्र कश्यप, पुतान कोरी, राछस जिला अध्यक्ष सुमित तिवारी, गौरीगंज विधानसभा प्रभारी, चारों ब्लॉक अध्यक्ष, कांग्रेस फ्रंटल संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, और बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राजीव लोचन तिवारी ने किया।



