
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय प्रेस स्थायी समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, जिला सूचना अधिकारी शिवदर्शन यादव सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला स्तर पर पत्रकारों और जिला प्रशासन के मध्य मधुर एवं सौहार्दपूर्ण संबंध बनाये रखने तथा प्रेस की स्वतंत्रता को अक्षुण्य बनाये रखने के लिए शासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार पत्रकार स्थायी समिति का गठन किया गया है। उन्होंने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से अपील की कि वे प्रत्येक परिस्थिति में उत्तरदायित्व पूर्ण रिपोर्टिंग करें। उन्होंने कहा कि मीडिया को शासन की विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग करते समय यदि क्रियान्वयन में कोई कमी दिखे तो प्रशासनिक पक्ष को भी शामिल करते हुए संतुलित रिपोर्टिंग करनी चाहिए, ताकि शासन प्रशासन की छवि अनावश्यक रूप से धूमिल न हो और योजनाओं के संबंध में आम जनता के मन में नकारात्मक संदेश न पहुंचे।
बैठक में पत्रकार सदस्यों ने फर्जी पत्रकारों एवं यूट्यूबर्स पर प्रभावी अंकुश लगाने, प्रेस क्लब के निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने, बाबूगंज टोल प्लाजा पर पत्रकारों को छूट देने, और पत्रकारों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि उठाए गए मुद्दों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला सूचना अधिकारी एवं संयोजक प्रेस स्थायी समिति शिवदर्शन यादव ने बताया कि प्रेस स्थायी समिति का मुख्य उद्देश्य जिला प्रशासन और पत्रकारों के बीच मधुर एवं सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करना तथा पत्रकार उत्पीड़न संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से पत्रकारों की वास्तविक पत्रकारिता संबंधी कठिनाइयों का प्रभावी समाधान किया जाएगा।
बैठक में प्रेस स्थायी समिति के सदस्य योगेंद्र श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अनिल भदौरिया और ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र पांडेय भी मौजूद रहे।



