
अमेठी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण कर जनपद वासियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने इस मौके पर सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष जीवन के लिए आवश्यक हैं और पर्यावरण संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने खास तौर पर जनपदवासियों से आग्रह किया कि वे “एक पेड़ मां के नाम” लगाएं, ताकि पर्यावरण की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक और भावनात्मक जुड़ाव भी बढ़े।

उन्होंने बताया कि पौधरोपण मात्र एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए एक सामाजिक कर्तव्य है। पौधे न केवल हमें छाया और फल-फूल देते हैं, बल्कि पर्यावरण में ऑक्सीजन की आपूर्ति कर जीवन को स्वस्थ बनाए रखते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने वर्षाकाल में पौधों की संख्या बढ़ाने के साथ उनकी उचित देखभाल पर भी जोर दिया, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे और आने वाली पीढ़ियों को भी सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि हमारे पूर्वजों द्वारा लगाए गए वृक्षों का हमें लाभ मिल रहा है, इसलिए हमें भी आने वाले समय के लिए अपने आसपास हरियाली बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने समस्त नागरिकों से अपील की कि वे अपने जीवनकाल में अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी सुरक्षा करें।

