
लखनऊ।।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र में ‘ऑक्सीजन पार्क’ की स्थापना की योजना को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड एवं वन विभाग ने आज आयोजित विशेष कार्यक्रम में आधिकारिक रूप से जारी किया। इस मौके पर कुकरैल के पिकनिक स्पॉट में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत करते हुए पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल, लखनऊ पूर्वी क्षेत्र के विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम, निदेशक इको टूरिज्म बोर्ड प्रखर मिश्रा, अवध प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी शितांशु पांडेय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण के संदेश को बल देते हुए वृक्षारोपण किया।
प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने कहा, “पेड़ और पर्यावरण हमारी मां के समान हैं। जैसे मां जीवन देती है, वैसे ही पेड़ हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं। अब समय आ गया है कि हम पर्यावरण को उसका ऋण चुकाकर प्रकृति के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।” निदेशक इको टूरिज्म प्रखर मिश्रा ने प्रदेश में ईको टूरिज्म की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से पर्यावरण के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण अभियान में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “वृक्ष हमारी जीवन रेखा हैं, जो ऑक्सीजन के स्रोत होने के साथ-साथ पर्यावरण को स्वस्थ बनाते हैं। राजधानी में ऑक्सीजन पार्क का निर्माण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे हरियाली बढ़ेगी और शहरवासी एवं पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का अवसर मिलेगा।”
श्री जयवीर सिंह ने कुकरैल वन क्षेत्र में ऑक्सीजन पार्क की स्थापना को प्रशंसनीय कदम बताते हुए कहा कि इससे लखनऊ में वनाच्छादन बढ़ेगा और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण दिवस के इस अवसर पर वृक्षारोपण का संकल्प लेकर भावी पीढ़ी को स्वस्थ, स्वच्छ और हरियाली से भरपूर वातावरण दें।



