
अमेठी, मई। केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय गौरीगंज के राजीव गांधी सभागार में पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि अहिल्याबाई एक सशक्त शासिका, समाज सुधारक और महिला सशक्तिकरण की प्रतीक थीं, जिनकी विचारधारा आज भी सामाजिक परिवर्तन हेतु प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि यह विडंबनापूर्ण है कि भाजपा जैसी पार्टी, जिसकी विचारधारा महिला शिक्षा, सामाजिक न्याय और आर्थिक समानता जैसे मूल्यों से कोसों दूर है, आज अहिल्याबाई होल्कर जैसे समतावादी व्यक्तित्व को अपने विचारों से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
सिंघल ने कहा कि अहिल्याबाई ने सती प्रथा का विरोध कर स्वयं विधवा जीवन अपनाया और विधवा उत्थान की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। जबकि आज भी समाज में ऐसी कुरीतियों के समर्थक भाजपा में मौजूद हैं। उन्होंने लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित कर आत्मनिर्भर आर्थिक मॉडल स्थापित किया, जिसका उदाहरण आज भी महेश्वरी साड़ियों के रूप में मौजूद है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने जीएसटी जैसे कानूनों और बड़े औद्योगिक घरानों के पक्ष में नीतियां बनाकर लघु एवं मध्यम उद्योगों को नुकसान पहुँचाया है, जो कि रोजगार सृजन का बड़ा स्रोत रहे हैं। अहिल्याबाई की विचारधारा से प्रेरणा लेते हुए हमें महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनिल सिंह ने भी संबोधित किया और कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई का जीवन आज के सामाजिक और राजनीतिक परिवेश में विशेष रूप से प्रासंगिक है। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक समानता और न्याय पहुँचाने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जायस नगर पालिका अध्यक्ष मनीषा चौहान, शत्रुघ्न सिंह, राजीव सिंह, डॉ. संजय सिंह, अर्जुन पासी, अनुराग सिंह, गीता सिंह, अवनीश मिश्र, दयाराम सोनी, गुलाम वारिस, विकास यादव, दिवस प्रताप सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।