
अमेठी। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आज जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील मुसाफिरखाना में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी संजय चौहान द्वारा की गई। इस अवसर पर विधायक जगदीशपुर सुरेश पासी भी उपस्थित रहे। उन्होंने आम जनमानस की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को लंबित न रखा जाए एवं उनका त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सुना तथा संबंधित थानाध्यक्षों को मौके पर निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील मुसाफिरखाना में कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील तिलोई में 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का निस्तारण हुआ। तहसील गौरीगंज में 25 शिकायतों में से 2 तथा तहसील अमेठी में 27 शिकायतों में से 1 का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष शिकायतों के समाधान हेतु पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गईं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक कार्य दिवस में प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अपने कार्यालयों में जनसमस्याएं सुनें एवं प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सभागार मुसाफिरखाना में जिलाधिकारी संजय चौहान व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा आम जनता की शिकायतें सुनी गईं तथा समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना अभिनव कनौजिया, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना, तहसीलदार मुसाफिरखाना सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


