
अमेठी, 17 मई 2025 – संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त जन शिकायतों की समीक्षा के पश्चात अमेठी के मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल (आईएएस) ने विकास खंड तिलोई में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और पेयजल परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनेक अनियमितताएं और व्यवस्थागत कमियाँ सामने आईं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

निरीक्षण की शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, तिलोई से हुई, जहां छात्राओं की उपस्थिति कम पाई गई। भोजन व्यवस्था संतोषजनक पाई गई लेकिन प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण लेकर उपस्थिति नियमित करने को कहा गया। भोजनालय, रसोई संचालन और पेयजल यंत्र की स्थिति की जांच कर खंड विकास अधिकारी को औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया, वहीं खाद्य एवं रसद विभाग को खाद्य सामग्री की जांच कराने के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत भिलाई कला में आयोजित वीएचएनडी सत्र के निरीक्षण में एक 16 माह की बच्ची का वजन कम पाया गया। सीडीओ ने टीकाकरण की नियमितता और पोषण श्रेणी के बच्चों की पहचान व सुधार की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
भिलाई खुर्द स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में टेलीविजन, खेल सामग्री और जल आपूर्ति की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। सभी कमियों के समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिक्षण संस्थानों की व्यवस्थाओं का निराकरण कर पुनरावृत्ति रोकने की हिदायत दी गई।

तदोपरांत ग्राम पंचायत भिलाई कला में निर्माणाधीन ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया गया। कार्य में तकनीकी कमियाँ मिलने पर अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण को पुनः स्थल निरीक्षण कर बिंदुवार टिप्पणी प्रस्तुत करने और कार्यों को मानक अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। लापरवाही के लिए संबंधित कर्मचारियों को चेतावनी पत्र जारी करने को भी कहा गया।
सीडीओ पटेल ने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय में सुधार न करने पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।


