
अमेठी।।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में और अपर पुलिस अधीक्षक हरेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में “मिशन शक्ति” अभियान के पंचम चरण के तहत महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए चलाया जा रहा है।
आज के कार्यक्रम में विभिन्न थानों द्वारा स्थानों पर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए:
थाना जायस से म0का0 सविता यादव व म0का0 राधा चौहान ने सिटी पब्लिक इंटर कॉलेज, जायस में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।
थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक से म0का0 रंजना वर्मा ने कंपोजिट विद्यालय, गईमऊ में महिलाओं को सुरक्षा के उपाय बताए।
थाना जगदीशपुर से म0का0 सन्नो यादव ने कस्बा जगदीशपुर में जागरूकता कार्यक्रम चलाया।
थाना शिवरतनगंज से म0का0 रेनू पाल और म0का0 रानी यादव ने रामदेव मौर्य माध्यमिक विद्यालय, पेंडारा शिवरतनगंज में महिलाओं को शासन की योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में बताया।
थाना पीपरपुर से म0का0 शुचिता सोमवंशी ने सरस्वती ज्ञान मंदिर, दुर्गापुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
थाना इन्हौना से म0का0 सारिका विश्नोई और म0का0 आकांक्षा ने ग्राम राजा फतेहपुर व इस्लामगंज में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में बताया।
इस अभियान के अंतर्गत महिलाओं को 1090-वीमेन पावर लाइन, 181-महिला हेल्प लाइन, 108-एम्बुलेंस सेवा, 1076-मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112-पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098-चाइल्ड लाइन, 102-स्वास्थ्य सेवा, थानों पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर अपराध से बचाव और महिलाओं के लिए शासन द्वारा लागू की गई विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पंपलेट वितरित किए गए, ताकि महिलाएं अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक हों।
इसके अलावा, जनपद के विभिन्न थानों की एन्टी रोमियो टीम ने मनचलों और शोहदों द्वारा की जा रही छेड़छाड़ व महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से संदिग्धों की चेकिंग की और सतत निगरानी रखी।
इस अभियान से महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ा और साथ ही उन्हें अपनी सुरक्षा के अधिकारों के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त हुई।