
सुलतानपुर। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में बांदा-टांडा हाईवे पर गुरुवार दोपहर ट्रेलर और ऑर्टिगा कार की आमने-सामने की भिड़ंत में 11 लोग घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसा हरिहरपुर गांव स्थित पुल के पास, बीरसिंहपुर मोड़ से करीब 200 मीटर आगे महरुआ की ओर हुआ। घटना की सूचना दोपहर करीब तीन बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद जयसिंहपुर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों में अंबेडकरनगर जनपद के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी महेंद्र कुमार (40), अखिल (24), अनीता (37), डॉली (22), लाडली (19), माया सिंह (22), निखिल (21), आस्था चौधरी (9), अयांश (7), कार चालक इरफान (30) तथा राज (18) शामिल हैं। इनमें अखिल का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि अन्य सभी को हल्की चोटें आई हैं।
पीआरवी टीम ने सभी घायलों को तत्काल बीरसिंहपुर और सीएचसी जयसिंहपुर पहुंचाकर भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रेलर और ऑर्टिगा को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर ट्रेलर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


