
जिला संवाददाता देवेन्द्र तिवारी
उन्नाव।।उत्तर प्रदेश के विकास मानचित्र पर उन्नाव ने आज एक नया इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव और भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्रों को 570 करोड़ की लागत वाली 101 विकास परियोजनाओं की अभूतपूर्व सौगात दी। जय श्री राम और हर-हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष के साथ जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आगामी 100 वर्षों के विकास का रोडमैप देश के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लखनऊ और कानपुर के बीच स्थित उन्नाव अब उपेक्षित नहीं, बल्कि प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक और ट्रांसपोर्ट हब के रूप में चमकेगा।
आध्यात्मिक धरोहर और महानायकों को श्रद्धांजलि
उन्नाव की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने बौद्ध संस्कृति के केंद्र, जानकी कुंड और सचान कोट देवी मंदिर को नमन किया। उन्होंने देश की संप्रभुता और अस्मिता की रक्षा के लिए अंग्रेजों की नींव हिलाने वाले राजा राव राम बख्श सिंह और शहीद वीर गुलाब सिंह लोधी के बलिदान को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की महान साहित्यिक विभूतियों पंडित प्रताप नारायण मिश्र, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, शिवमंगल सिंह सुमन और डॉ. रामविलास शर्मा के योगदान को भी कोटि-कोटि नमन किया और समस्त जनपद वासियों को विकास योजनाओं के लिए बधाई दी।

स्टेट कैपिटल रीजन और रैपिड रेल से बदलेगा उन्नाव का भूगोल
उन्नाव के बुनियादी ढांचे को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन यानी SCR का पार्ट भी बनाया है। अब जो विकास लखनऊ में होगा वह विकास उन्नाव तक भी पहुंचेगा। अमर शहीद वीर गुलाब सिंह लोधी आजादी के लिए उन्नाव से लखनऊ के हजरतगंज तक लड़े थे और अब लखनऊ का विकास हजरतगंज में थमेगा नहीं, बल्कि सीधे उन्नाव होते हुए कानपुर तक पहुंचेगा। इसके साथ ही दिल्ली-मेरठ नमो भारत की तर्ज पर लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक हाई-स्पीड रैपिड रेल कॉरिडोर चलाने का प्रस्ताव तैयार हो रहा है। इस विशेष रेल नेटवर्क के माध्यम से लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और रायबरेली जैसे जिले आपस में जुड़ जाएंगे और विकास का एक विशाल क्लस्टर तैयार होगा।

बाईपास कनेक्टिविटी और गंगा नदी पर नया ब्रिज
कनेक्टिविटी के मोर्चे पर बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव का व्यक्ति अब लखनऊ को बाईपास कर सीधे दिल्ली और प्रयागराज जा सकता है। इसके साथ ही उन्नाव से कानपुर की सुदृढ़ कनेक्टिविटी के समाधान के लिए गंगा नदी पर अतिरिक्त ब्रिज की मांग भी पूरी हो चुकी है। देश के सबसे बड़े गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से उन्नाव अब सीधे दिल्ली और प्रयागराज से इस तरह जुड़ गया है कि लोगों को लखनऊ के भारी जाम में फंसने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गंगा नदी पर बनने वाला यह अतिरिक्त पुल कानपुर और उन्नाव के बीच व्यापार, उद्योग और दैनिक आवागमन को एक नई गति देगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को दशकों पुरानी परिवहन समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।

डिफेंस कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल क्लस्टर से चमकेगा रोजगार
पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास की बड़ी प्रगति साझा की। उन्होंने घोषणा की कि यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए हमने लगभग पौने तीन सौ हेक्टेयर लैंड और गंगा एक्सप्रेस-वे पर इंडस्ट्रियल क्लस्टर के लिए लगभग दो सौ एकड़ लैंड जनपद उन्नाव में तैयार की है। अब उन्नाव में तेजी से नए उद्योग स्थापित होंगे और यहां के नौजवानों को यहीं रोजगार मिलेगा। इस औद्योगिक क्रांति और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने से स्थानीय प्रतिभाओं को अपने ही जिले में आगे बढ़ने के भरपूर अवसर मिलेंगे और उन्नाव एक बड़े मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित होगा।
सुशासन का सीधा असर: बिना सिफारिश, सीधे गरीब के द्वार
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को खुद चेक, प्रमाण पत्र और घरों की चाबियां सौंपी। पारदर्शी व्यवस्था की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बदलती कार्यसंस्कृति का प्रमाण है कि बिना किसी सिफारिश, बिना घूस और बिना पैरवी के हर गरीब को शौचालय, आवास, गैस कनेक्शन, राशन और 5 लाख रुपये का आयुष्मान स्वास्थ्य कवच मिल रहा है। अधिकारी खुद गरीब के दरवाजे पर जाकर योजना की स्वीकृति दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो काम हमारी सरकार ने 10-12 वर्षों में करके दिखाया, उसे करने से पूर्ववर्ती सरकारों को किसने रोका था, वास्तव में उनके पास विजन और क्षमता की कमी थी।

सुरक्षित भारत और सुदृढ़ अर्थव्यवस्था का नया दौर
देश की वैश्विक और आंतरिक स्थिति पर बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज हम सब आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सुरक्षित हैं। आस्था के सम्मान के साथ अर्थव्यवस्था को भी मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। अब देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। उन्होंने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले एक ही नारा गूंजता था कि देख सपाई और बिटिया-बहू घबराई। रामायण काल में जिस तरह खर-दूषण और मारीच जनता को प्रताड़ित करते थे, वैसा ही तांडव सपा-कांग्रेस के समय माफिया करते थे। यूपी की नारी शक्ति साक्षात जगत जननी का स्वरूप है, जो इन अपराधियों से निपटना जानती है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में हुए बच्चों के अन्नप्राशन का एक रोचक किस्सा साझा करते हुए कहा कि सांसद साक्षी महाराज जी बता रहे थे कि बच्चे पहले रो रहे थे, लेकिन जैसे ही वे हमारे पास आए, बच्चों ने रोना बंद कर दिया। हमारे उत्तर प्रदेश के छोटे बच्चे भी अब अच्छी तरह पहचानते हैं कि उनकी असली सुरक्षा कहाँ है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वीर गुलाब सिंह लोधी पुलिस ट्रेनिंग सेंटर की क्षमता को भी दोगुना कर दिया गया है।
मंच पर उपस्थित गरिमामयी नेतृत्व
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ मंच पर प्रदेश की प्रभारी मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी, भाजपा जिला प्रभारी अर्चना मिश्रा, लोकप्रिय सांसद डॉ. साक्षी जी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अनुराग अवस्थी और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह उपस्थित रहीं। उनके साथ ही उन्नाव के विकास को गति देने वाले सभी क्षेत्रीय विधायक भी मंच पर मौजूद रहे, जिनमें सदर उन्नाव के विधायक श्री पंकज गुप्ता, भगवन्तनगर के विधायक श्री आशुतोष शुक्ल, पुरवा के विधायक श्री अनिल सिंह, सफीपुर के विधायक श्री बम्बालाल दिवाकर, बांगरमऊ के विधायक श्री श्रीकान्त कटियार और मोहन के विधायक श्री बृजेश रावत शामिल थे। इसके अतिरिक्त विधान परिषद सदस्य रामचंद्र सिंह प्रधान, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद अवस्थी, सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह नंदू, जिला महामंत्री रजनीश वर्मा, मनीष जायसवाल, प्रवीण सिंह नूतन, बिछिया के ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण सिंह सहित भारी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा। मुख्यमंत्री ने अंत में भारत माता के जयकारों के साथ जनता का सहृदय आभार व्यक्त किया और सही जनप्रतिनिधियों को चुनने के लिए धन्यवाद दिया।


