
संवाददाता इरफान कुरैशी,
चाय की दुकान पर विवाद के बाद खुला राज,
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जो खुद को नोएडा का आईपीएस (IPS) अधिकारी बताकर पुलिस और जनता पर धौंस जमाता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिथिलेश शुक्ला (38 वर्ष), निवासी मड़ियांव, लखनऊ के रूप में हुई है, जो असल में नोएडा की एक निजी कंपनी में अकाउंट एग्जीक्यूटिव का काम करता है।
मामला 13 जून 2026 की रात का है, जब गोल मार्केट चौराहे पर एक चाय की दुकान पर चाय और बन के पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। सूचना मिलने पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपी दुकानदार से झगड़ रहा था। पुलिस ने जब बीच-बचाव करना चाहा, तो आरोपी पुलिसकर्मियों पर ही भड़क गया और रौब झाड़ते हुए बोला, मैं आईपीएस नोएडा हूँ, तुम लोगों की कैप कहाँ है? तुम लोगों ने मुझे सैल्यूट क्यों नहीं किया?
संदेह होने पर जब पुलिस ने उससे पहचान-पत्र मांगा, तो वह बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हुआ। इसके बाद 15 जून को पुलिस को दोबारा सूचना मिली कि वही व्यक्ति गोल मार्केट चौराहे पर फिर से हंगामा कर रहा है।
महानगर थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। थाने लाकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो आरोपी का फर्जी आईपीएस का मुखौटा उतर गया। उसने स्वीकार किया कि वह कोई अधिकारी नहीं है, बल्कि सैमसंग सेक्टर 18, नोएडा में नौकरी करता है।
पुलिस को धमकाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने आरोपी मिथिलेश शुक्ला के खिलाफ मु०अ०सं० 103/2026 धारा 132/204/221 बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई को उप-निरीक्षक संतोष कुमार, कांस्टेबल शिवकुमार और मोहित सिंह की टीम ने अंजाम दिया।


