
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में व्यापारियों और उद्यमियों ने बिजली, सड़क, यातायात, नगर पालिका, खाद्य सुरक्षा और पुलिस विभाग से जुड़ी प्रमुख समस्याएं उठाईं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने शहर की खराब सड़कें, जाम, अव्यवस्थित यातायात, बिजली कटौती, नालों की सफाई और अतिक्रमण की समस्या प्रमुखता से रखी।
डीएम ने कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों। विद्युत विभाग को शहर की बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए कम से कम 15 दिन का समय देने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को लेकर ई-रिक्शा संचालन के लिए निर्धारित रूट तय करने और जाम की समस्या कम करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने पर जोर दिया गया।



