जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति एवं कार्यकारिणी बैठक जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई. बैठक में राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा निर्देशित जिले से लेकर बूथ तक की सभी बैठकों की रूपरेखा और भावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगठन की गतिविधियों को निरंतर और सुचारू रूप से चलाने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार एक स्थायी मासिक समय-सारणी तय की गई है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक माह की 01 से 07 तारीख के बीच मण्डल बैठक, 08 से 15 तारीख के बीच जिला बैठक, 16 से 23 तारीख के बीच निरंतर संगठनात्मक कार्य तथा 23 से 31 तारीख के बीच शक्ति केन्द्र बैठक का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा. इसके साथ ही प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के साथ बूथ बैठक आयोजित होगी. वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष के विशेष आग्रह पर संगठन के वरिष्ठ अनुभवों का लाभ लेने के लिए माह में एक बार पूर्व जिलाध्यक्षों के साथ भी बैठक आयोजित की जाएगी.
बैठक में पदाधिकारियों में ऊर्जा फूंकते हुए संकल्प लिया गया कि पार्टी के प्रत्येक आगामी अभियान में हमारा जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे, इसके लिए सभी को धरातल पर कड़ी मेहनत करनी होगी. बैठक में जिलाध्यक्ष ने विषय रखते हुए स्पष्ट किया कि बूथों पर पदाधिकारियों को जो भी कार्य करने हैं, वे सभी राष्ट्रीय अध्यक्ष के सीधे निर्देश हैं.
राष्ट्रीय अध्यक्ष के इसी आग्रह के अनुरूप समस्त जिला, क्षेत्र तथा प्रदेश पदाधिकारियों को प्रतिदिन किसी न किसी बूथ पर अनिवार्य रूप से प्रवास करना होगा. कार्य की सुगमता के लिए प्रत्येक पदाधिकारी को कम से कम 10 से 15 बूथों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहाँ वे जाकर बूथ की जमीनी स्थिति और उसकी प्रकृति का बारीकी से आकलन करेंगे. इसके साथ ही प्रत्येक मण्डल स्तर पर पूर्व मण्डल पदाधिकारियों तथा सक्रिय सदस्यों की प्रामाणिक सूची तैयार करने का काम भी शुरू कर दिया गया है.
डिजिटल मोर्चे पर पकड़ मजबूत करने के लिए प्रत्येक बूथ स्तर पर आईटी (IT) सेक्टर को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिसके तहत वर्तमान में चल रहे डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी की सहभागिता को पूरी तरह अनिवार्य किया गया है. इसी क्रम में, पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ आगामी 12 जुलाई को पूरे जनपद में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ शीर्षक के तहत वृहद् वृक्षारोपण कार्यक्रम को व्यापक जन-आंदोलन बनाया जाएगा.
बैठक में अनुशासन और सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों को प्रमुखता से रखा गया. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का बढ़-चढ़कर प्रचार-प्रसार करने तथा किसी भी तरह की नकारात्मकता को पूरी तरह रोकने का विशेष आग्रह किया है. संगठन में कड़ा अनुशासन बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी या नकारात्मक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के उद्देश्य से एक विशेष निगरानी समिति सक्रिय की गई है.
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए सबसे पहले पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभान शंकर दीक्षित , उनके साथ जिला उपाध्यक्ष सुशील तिवारी और जिला मंत्री जितेंद्र पटेल को लगाया गया है. यह नामित समिति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार सक्रिय रहकर ऐसे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की गतिविधियों की कड़ी निगरानी करेगी जो पार्टी अनुशासन के विरुद्ध या असंतोषजनक पोस्ट साझा करते हैं, ताकि राष्ट्रीय नेतृत्व की मंशा के अनुरूप संगठन की गरिमा और सकारात्मक छवि को पूरी तरह अक्षुण्ण रखा जा सके.
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से जिला महामंत्री प्रवीण सिंह नूतन, रजनीश वर्मा, मनीष जायसवाल; जिला उपाध्यक्ष अनिल कुशवाहा, मनोज सिंह, सुशील तिवारी, नवीन सिंह, मुकेश पाल, आनंद अवस्थी; जिला मंत्री साधना दीक्षित, जितेंद्र प्रताप सिंह पटेल, मलखान सिंह, संदीप लोधी, संदीप शुक्ला; जिला कोषाध्यक्ष अमित त्रिपाठी; सह कोषाध्यक्ष जसमीत अरोड़ा; सुभाष भारती; जिला कार्यालय मंत्री रमेश तिवारी, विवेक तिवारी, कुश सिंह; उदय प्रताप सिंह; जिला मीडिया प्रभारी समीर शुक्ल, विजय द्विवेदी, आदित्य जायसवाल; जिला सोशल मीडिया संयोजक जैनेन्द्र शुक्ला, जय सिंह कुशवाहा; आईटी प्रमुख दीपांकर मिश्र तथा सह संयोजक मनीष पांडेय व प्रदीप सिंह उपस्थित रहे. इनके साथ ही राजेंद्र द्विवेदी, प्रियंका शुक्ला, कमल बाजपेई, संदीप निगम आदि सहित भारी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.

