
उन्नाव : भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में अपनी निस्वार्थ सेवा के लिए विख्यात समाजसेवी अंकित सिंह परिहार ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। उन्होंने आर्थिक तंगी से जूझ रही पुरवा ब्लॉक के ग्राम रद्दूखेड़ा की मेधावी छात्रा प्रतिभा देवी पटेल के सपनों को टूटने से बचा लिया। अंकित सिंह परिहार ने छात्रा की नर्सिंग कॉलेज की ₹75,000 की पूरी फीस जमा कर उसे बैंक प्रपत्र सौंपे, ताकि वह अपनी पढ़ाई बिना किसी बाधा के पूरी कर सके।
विरासत में मिली है सेवा की भावना
इस अवसर पर अंकित सिंह परिहार ने भावुक होते हुए कहा, “भगवंतनगर मेरे लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरा एक विशाल परिवार है। इस परिवार के हर सदस्य की सेवा करना मेरा परम कर्तव्य और संकल्प है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सेवा भाव किसी चुनावी लाभ के लिए नहीं है, बल्कि पिछले 15-20 वर्षों से निरंतर जारी है। उन्हें यह संस्कार और जिम्मेदारी अपने पूर्वजों से विरासत में मिली है।
प्रतिभा के आड़े नहीं आएगी गरीबी

बता दें कि अंकित सिंह परिहार प्रतिवर्ष इंजीनियरिंग, मेडिकल और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत सैकड़ों जरूरतमंद छात्र-छात्राओं की आर्थिक मदद करते हैं। उनका मानना है कि संसाधनों का अभाव क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य की राह में कभी दीवार नहीं बनना चाहिए।
दो दशकों का अटूट विश्वास
पिछले दो दशकों में अंकित सिंह परिहार ने इलाज से लेकर बच्चों की शिक्षा तक, हजारों परिवारों का संबल बनकर क्षेत्र में सामाजिक सहयोग की एक नई दिशा तय की है। उन्होंने छात्रा प्रतिभा देवी पटेल को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और आश्वासन दिया कि वे क्षेत्र के लोगों के साथ सदैव मजबूती से खड़े रहेंगे।



