
उन्नाव।। बाबा मिलनदास हत्याकांड का मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश इसराइल उर्फ इजराइल पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। बांगरमऊ थाना पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास अपने साथी का इंतजार कर रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उपनिरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के एक सिपाही के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इसराइल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से हथियार और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद होने का दावा किया गया है।
गौरतलब है कि 9 जून को बाबा मिलनदास की हत्या के बाद से इसराइल फरार चल रहा था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



