
फतेहपुर।। जनपद के खागा और हुसैनगंज क्षेत्र को जोड़ने वाली प्रस्तावित सड़क के भूमिपूजन कार्यक्रम में उस समय सियासी माहौल गरमा गया, जब दो विधायकों के बीच तीखी कहासुनी हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें खागा विधायक कृष्णा पासवान और हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य दोनों पहुंची थीं। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकार को लेकर दोनों के बीच विवाद खड़ा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने कहा कि यह उनका क्षेत्र है और वे ही भूमिपूजन करेंगी। वहीं सपा विधायक ऊषा मौर्य ने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्या उन्हें अपमानित करने के लिए बुलाया गया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों नेताओं के बीच कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खागा और हुसैनगंज क्षेत्र के बीच इस सड़क का निर्माण लंबे समय से लंबित है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान हुआ यह विवाद चर्चा का विषय बन गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव नजदीक आते ही जनप्रतिनिधियों के बीच श्रेय लेने की होड़ तेज हो गई है, जिसका असर अब सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी देखने को मिल रहा है।



