
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। थाना बिहार क्षेत्र के ग्राम बैजुआमऊ में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पुलिस ने ग्राम पोरई रेलवे अंडरपास के पास से मुख्य आरोपी सहित दो महिलाओं को दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों में राजकुमार (50 वर्ष), मीना (29 वर्ष) और सरला (21 वर्ष) शामिल हैं।
घटना 5 अप्रैल 2026 की है, जब वादी पवन कुमार ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसके परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल होकर जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फरसा भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित धाराओं में न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


