
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कैसरबाग थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साले पर रिवॉल्वर से कई गोलियां चलाई थीं।
घटना 8 जुलाई 2026 की है। कैसरबाग थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आफ़रीन हुसैन के पति फज़ील हुसैन पर उनके जीजा मो. इलियास उर्फ अन्नू ने घर में घुसकर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं, जिससे फज़ील के सीने में गोली लगी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मो. इलियास के खिलाफ धारा 333/109 BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इलियास कचहरी में सरेंडर करने की फिराक में है और वह सफेद रंग की स्कूटी से परिवर्तन चौक होते हुए हजरतगंज की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही कैसरबाग पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद पुलिस ने बताए गए हुलिए के व्यक्ति को स्कूटी समेत पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी इलियास (43 वर्ष) ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी और बच्चे भी साथ नहीं रह रहे थे। आरोपी ने अपने साले पर बच्चों की पढ़ाई खराब करने का आरोप लगाते हुए उसे सबक सिखाने के लिए नखास से 70,000 रुपये में अवैध रिवॉल्वर और कारतूस खरीदे थे।
आरोपी ने बताया कि 8 जुलाई की सुबह वह अपनी स्कूटी से साले के घर पहुंचा और सीढ़ियों के जरिए छत पर चढ़कर दरवाजा खटखटाया। जैसे ही साले ने दरवाजा खोला, उसने जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

