संवाददाता प्रज्जवल कुमार
उन्नाव ।।जनपद के थाना अचलगंज क्षेत्र अंतर्गत वेथर चौकी इलाके में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उन्नाव-लालगंज हाईवे (NH-31) पर स्थित कोलवा गाड़ा ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हजार्ड मार्कर बोर्ड से जा टकराई।
20 मार्च 2026 को करीब शाम 3:15 बजे कार संख्या UP35CA1213 उन्नाव से टिकौली गांव की ओर जा रही थी। कार को राहुल (26 वर्ष), पुत्र राजेंद्र प्रसाद चला रहा था, जबकि उसके साथ नन्हकू (40 वर्ष), पुत्र नंदकिशोर सवार थे। दोनों थाना अचलगंज क्षेत्र के टिकौली गांव के निवासी थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवरब्रिज पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे लगे हजार्ड मार्कर बोर्ड से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही वेथर चौकी प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना अचलगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल उन्नाव पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।



