
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी के आशियाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ 21 वर्षीय युवक अक्षत प्रताप सिंह ने नीट (NEET) परीक्षा को लेकर हुए विवाद के बाद अपने पिता मानवेन्द्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए आरोपी ने पिता के शव के हाथ-पैर काटकर झाड़ियों में फेंक दिए और बाकी हिस्सा घर में ही एक नीले ड्रम में छिपा दिया।
हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद अक्षत ने खुद थाने जाकर पिता की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल .315 बोर की लाइसेंसी राइफल, आरी, चाकू और शव के अवशेष बरामद कर लिए हैं। आशियाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।




