
,संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने एक अवैध .32 बोर की पिस्टल भी बरामद की है।
दुबग्गा के ग्राम छंदोईया निवासी सैफ खान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि जमीनी विवाद के चलते विपक्षीगणों ने अवैध हथियारों से लैस होकर उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस घटना में सैफ खान और उनके मित्र अकरम बाल-बाल बच गए, लेकिन फायरिंग की वजह से पीड़ित की मोटरसाइकिल, मकान की दीवार और गेट क्षतिग्रस्त हो गए। आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गए थे।
पीड़ित की तहरीर पर दुबग्गा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत छह नामजद और बीस से पच्चीस अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुबह के वक्त पावर हाउस के पीछे, सेक्टर-आई रोड के किनारे से दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दुबग्गा का रहने वाला मयंक यादव (उम्र लगभग 22 वर्ष) और बेगरिया का रहने वाला नबील (उम्र लगभग 18 वर्ष) शामिल हैं।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी मयंक यादव के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल बरामद हुई है, जिसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस घटना में शामिल अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

