जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।
सोशल मीडिया की एक टिप्पणी ने फिर माहौल गरमा दिया। गंजमुरादाबाद क्षेत्र में अनुसूचित जाति के एक युवक द्वारा वीडियो के माध्यम से रामभद्राचार्य समेत ब्राह्मण-ठाकुर समाज पर अभद्र टिप्पणी का आरोप सामने आया। इसके विरोध में कुछ लोगों ने युवक को रास्ते में रोक लिया, बात बढ़ी तो गाली-गलौज के बाद हाथापाई हो गई। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया।

रविवार को समर्थन में भीम आर्मी के 50 से अधिक कार्यकर्ता कोतवाली गंजमुरादाबाद पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक पर थूका गया और उसे जबरन चटवाया भी गया।
दूसरे पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियों वाले वीडियो पुलिस को सौंपे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, चीतेपुर निवासी अनुसूचित जाति के युवक अतुल का एक वीडियो करीब आठ माह पहले भी वायरल हुआ था, जिसमें उसने अलीगढ़ की घटना का हवाला देते हुए ब्राह्मण-ठाकुर समाज पर अभद्र टिप्पणी की थी। बाद में माफी के बाद मामला शांत हुआ था।
करीब डेढ़ माह पहले फिर से संत रामभद्राचार्य पर टिप्पणी का आरोप लगा। 12 जनवरी को गांव जाते समय रास्ते में दो नामजद और तीन अज्ञात लोगों द्वारा रोके जाने, गाली-गलौज और हाथापाई का आरोप है। अतुल का कहना है कि धमकियों के कारण वह पहले शिकायत नहीं कर सका।
कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों के वीडियो, बयान और साक्ष्यों के आधार पर तथ्यात्मक पड़ताल कर रही है।


