-आर के श्रीवास्तव: प्रमुख संवाददाता
लखनऊ, 16 जनवरी
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को लखनऊ नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में गृह कर के बड़े बकायेदारों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बकाया वसूली, सीलिंग, कुर्की और बैंक खातों को सीज करने जैसी सख्त कार्रवाइयाँ की गईं। नगर निगम का उद्देश्य समय पर कर वसूली सुनिश्चित करना और राजस्व में वृद्धि करना है।
जोन-1 में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से बड़ी वसूली
जोन-1 के अंतर्गत हज़रतगंज स्थित महात्मा गांधी मार्ग पर एक प्रमुख कार्रवाई की गई। यहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पर गृह कर बकाया पाए जाने पर कर अधीक्षक श्री अनुराग उपाध्याय एवं राजस्व निरीक्षक श्री देवी शंकर दुबे द्वारा सीलिंग का नोटिस जारी किया गया। कार्रवाई के दौरान बैंक प्रबंधन ने मौके पर ही 21,59,161 रुपये की पूरी बकाया राशि का डिमांड ड्राफ्ट नगर निगम को सौंप दिया, जिससे सीलिंग की प्रक्रिया तत्काल रोक दी गई।
जोन-4 में बड़े बकायेदारों पर सख्ती
इसी क्रम में नगर आयुक्त के आदेश के अनुपालन में जोन-4 में बड़े बकायेदारों के विरुद्ध सीलिंग एवं कुर्की की कार्रवाई की गई, उनका पूरा विवरण इस प्रकार है—
भवन संख्या – CC-HONDA, सरसावा, अर्जुनगंज का कुल बकाया ₹2,63,761, मौके पर ₹1,00,000 का आंशिक भुगतान किया गया। भवन संख्या – NN/CC/49, सरसावा, अर्जुनगंज का ₹88,128 का भुगतान बकाया है जिसके चलते भवन को सील किया गया। भवन संख्या – NN/CC/14, भैंसौरा ₹1,07,468 का भुगतान बकाया है जिसके चलते भवन को सील किया गया। भवन संख्या – NEW/0005, सराय शेख ₹41,229 का भुगतान बकाया है जिसके चलते भवन को सील किया गया। भवन संख्या – PLOT NO-1, KH NO-3145/1, लोलाई ₹30,618 का भुगतान बकाया है जिसके चलते भवन को सील किया गया। भवन संख्या – /CC-1, भरवारा ₹2,12,828 का भुगतान बकाया है जिसके चलते भवन को सील किया गया। भवन संख्या – KN-215/217 (MIN), PN-76, चिनहट बाजार कुल बकाया ₹1,50,000, जिसमें ₹37,711 का आंशिक भुगतान किया गया। भवन संख्या – 2/010-CC, वास्तु खंड–2 कुल बकाया ₹94,779, मौके पर ₹20,000 का आंशिक भुगतान किया गया। भवन संख्या – C-1A-7A/UGF-U-43, एल्डेको ग्रीन कुल बकाया ₹2,91,727, भुगतान न होने पर भवन सील किया गया। भवन संख्या – UNIT-001 (2nd Floor/Trinity Square), बादशाह नगर कुल बकाया ₹73,022, भुगतान न होने पर भवन सील किया गया।
यह अभियान जोनल अधिकारी सुश्री शिल्पा कुमारी की अध्यक्षता में कर अधीक्षक श्री बनारसी दास एवं सुश्री जया सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस दौरान राजस्व निरीक्षक श्री अजय वर्मा, आकर्ष श्रीवास्तव, श्रीमती अंकिता सक्सेना, श्री ओम प्रकाश यादव और शालिनी त्रिपाठी सहित नगर निगम का राजस्व अमला उपस्थित रहा।
सरोज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट का बैंक खाता सीज
इसके अतिरिक्त जोन-4 के खरगापुर सरसावा वार्ड में स्थित सरोज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट पर 46,01,636 रुपये का गृह कर बकाया लंबे समय से जमा न किए जाने पर सख्त कदम उठाया गया। नगर निगम ने संस्थान के बैंक ऑफ इंडिया में दर्ज खाते को सीज करा दिया है, जिससे बकाया वसूली का मार्ग प्रशस्त हो सके।
जोन-7 में 13 मकान सील
वहीं जोन-7 में जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में टीम द्वारा फूलबाग कॉलोनी राज विहार, विकास नगर सेक्टर-6, शंकर पुरी कमता स्थित हिमालयन हॉस्पिटल, ज्ञान विहार सहित कुल 13 आवासीय मकानों को सील किया गया। इन सभी पर मिलाकर लगभग 11 लाख रुपये का गृह कर बकाया था।



