उन्नाव।।उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जहां एक ओर गोवंश संरक्षण के लिए करोड़ों रुपये का बजट आवंटित कर रही है और अधिकारियों को सख्त निर्देश दे रही है, वहीं उन्नाव जिले से आई एक रूह कंपा देने वाली तस्वीर ने इन दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। फतेहपुर 84 ब्लॉक के तकिया निगोही गांव स्थित अस्थाई गोशाला से एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसे देखकर किसी भी संवेदनशील व्यक्ति की रूह कांप जाए। यह वीडियो न केवल प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि गोवंश के प्रति संवेदनहीनता की पराकाष्ठा को भी दर्शाता है।
वायरल वीडियो: व्यवस्था पर बड़ा तमाचा
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में गोशाला के भीतर एक मृत गोवंश का शव खुले आसमान के नीचे पड़ा दिखाई दे रहा है। हृदय विदारक दृश्य तब सामने आता है जब आवारा कुत्ते उस मृत गोवंश के शव को नोच-नोच कर खा रहे हैं। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि शव कई घंटों या शायद दिनों से वहीं पड़ा है, लेकिन गोशाला के जिम्मेदार कर्मचारियों या अधिकारियों ने उसका निस्तारण करना उचित नहीं समझा।
बदहाली की भेंट चढ़ते गोवंश
ग्रामीणों के अनुसार, तकिया निगोही की इस अस्थाई गोशाला में अव्यवस्थाओं का अंबार है। यहां न तो गोवंशों के लिए चारे का पर्याप्त प्रबंध है और न ही भीषण ठंड या बीमारी से बचाने के लिए कोई ठोस इंतजाम। वीडियो बनाने वाले ग्रामीण ने बताया कि गोशाला में साफ-सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। बीमार गोवंशों को समय पर इलाज नहीं मिलता, जिसके कारण वे दम तोड़ देते हैं। सबसे शर्मनाक बात यह है कि मौत के बाद उनके शवों का सम्मानजनक निस्तारण (दफनाने) करने के बजाय उन्हें खुले में फेंक दिया जाता है, जहां कुत्ते उन्हें अपना निवाला बना रहे हैं।
लाखों का बजट, फिर भी ऐसी दुर्दशा क्यों?
सरकार द्वारा प्रत्येक गोवंश के भरण-पोषण के लिए एक निश्चित धनराशि ग्राम पंचायतों और संबंधित विभागों को भेजी जाती है। सवाल यह उठता है कि आखिर वह पैसा जा कहाँ रहा है? यदि बजट आ रहा है, तो गोवंश भूखे क्यों मर रहे हैं? क्या अधिकारियों का काम सिर्फ कागजों पर गोशालाओं का निरीक्षण करना रह गया है?
तकिया निगोही के ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद ब्लॉक स्तर के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते। स्थानीय प्रशासन की चुप्पी यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या इसमें भ्रष्टाचार का कोई बड़ा खेल शामिल है?
स्वास्थ्य और संक्रमण का खतरा
खुले में पड़े मृत गोवंश के शव केवल धार्मिक भावनाओं को ही आहत नहीं कर रहे, बल्कि पूरे इलाके में गंभीर बीमारियों और संक्रमण का खतरा भी पैदा कर रहे हैं। सड़ते हुए शवों से निकलने वाली दुर्गंध और कुत्तों द्वारा मांस के टुकड़ों को इधर-बधर फैलाए जाने से गांव में महामारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय निवासी संक्रामक बीमारियों के डर से सहमे हुए हैं, लेकिन प्रशासन गहरी नींद में सोया है।



